हथेली पर बाल - अकबर बीरबल की गजब कहानी

दोस्तों आज मैं आपके लिए लाया हूँ बीरबल की हाजिरजवाब और शार्प दिमाग को बताने वाली बहुत ही मजेदार कहानी जिसे सुनकर आप वाह वाह करने से खुद को रोक नही पाओगे |

अकबर का दरबार लगा हुआ था और तभी बादशाह अकबर को मसखरी सूझी और उन्होंने बीरबल के मज़े लेने के लिए सवाल पूछा, बीरबल! ये तो बताओ कि हथेली पर बाल क्यों नहीं उगते?

hatheli par baal akbar birbal kahani


सवाल सुनकर बीरबल  समझ गया कि आज बादशाह मजाक में मूड में हैं.

हाजिरजवाब बीरबल का फ़ौरन कोई जवाब न आता देख अकबर बोले, क्यों बीरबल! हर सवाल का जवाब तो तुम तपाक से दे देते हो. आज क्या हुआ?

कुछ नहीं जहाँपनाह! मैं बस ये सोच रहा था कि किसकी हथेली पर? बीरबल ने शांति से पूछा.

हमारी हथेली पर बीरबल. अकबर अपनी हथेली दिखाते हुए बोले.

हुज़ूर! आपकी हथेली पर बाल कैसे उगेंगे? आप दिन भर अपने हाथों से उपहार वितरित करते रहते हैं. लगातार घर्षण के कारण आपकी हथेली में बाल उगना नामुमकिन है. बीरबल ने जवाब दिया.

चलो मान लेते हैं. लेकिन तुम्हारी हथेली पर भी तो बाल नहीं है. ऐसा क्यों? अकबर आसानी से कहाँ मानने वाले थे. उन्होंने तुरंत दूसरा सवाल कर दिया.

ये सुनकर दरबारियों के भी कान खड़े हो गए. उन्हें लगने लगा कि बीरबल इसका जवाब नहीं दे पायेगा.   

लेकिन बीरबल का जवाब तैयार था, हुज़ूर! मैं हमेशा आपसे ईनाम लेता रहता हूँ. इसलिए मेरी हथेली पर भी बाल नहीं है.

अकबर इस जवाब से प्रभावित तो हुए. लेकिन उनका मन किसी भी तरह बीरबल को निरुत्तर करने का था .इसलिए उन्होंने तीसरा सवाल दागा, चलो ये तो हुई हमारी और तुम्हारी बात. लेकिन इन दरबारियों का क्या? ये तो हमसे हमेशा ईनाम नहीं लेते. ऐसे में इनकी हथेलियों पर बाल क्यों नहीं है?

?इस सवाल पर दरबारियों को लगा कि अब बीरबल फंस गया.

लेकिन बीरबल यूं ही अपनी वाक्पटुता के लिए प्रसिद्ध नहीं था. वह झट से बोला, जहाँपनाह! आप ईनाम देते रहते हैं और मैं ईनाम लेता रहता हूँ. ये देख सभी दरबारी जलन में हाथ मलते रह जाते हैं. इसलिए इनकी हथेली पर बाल नहीं है.

ये सुनना था कि अकबर ठहाका लगा उठे. उधर दरबारियों के सिर शर्म से झुक गए.

तो देखा दोस्तों किस तरह बीरबल ने अपनी वाणी की चतुराई दिखाई  |

अकबर बीरबल की अन्य कहानिया भी पसंद आएगी 

कटहल का पेड़ -अकबर बीरबल की कहानी 

अकबर बीरबल की कहानी - कौवों की गिनती

दुनिया की सबसे जरुरी चीज - अकबर बीरबल हिंदी कहानी 

कसाई और तेली अकबर बीरबल तेज दिमाग की कहानी

मुर्गी पहले आई या अंडा - अकबर बीरबल की कहानी

अकबर बीरबल हिंदी कहानी - जोरू का गुलाम 

बीरबल की खिचड़ी - अकबर बीरबल तेज दिमाग कहानी 

Post a Comment